देश के लिए लड़ने के बाद अब अभिनंदन वर्धमान की लाइफ का नया चैप्टर शुरू होने जा रहा है। 22 साल तक उन्होंने वायुसेना में रहकर देश की सेवा की। अब वह आम लोगों को एक शहर से दूसरे शहर ले जाएंगे। फाइटर जेट से पैसेंजर प्लेन तक का उनका ये सफर बहुत खास है। उनका यह डिसिशन ये दिखाता है कि उनके अंदर उड़ान का जुनून आज भी वैसा ही है। देश ने उन्हें वर्दी में हीरो के तौर पर देखा, अब लोग उन्हें एक पायलट के तौर पर प्लेन में देखेंगे।

2026 में लिया रिटायरमेंट

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनंदन ने 31 मार्च 2026 को वायुसेना से रिटायरमेंट लिया है। इसके साथ ही वायुसेना में उनका करीब 22 साल का सफर खत्म हो गया। अब उन्होंने कमर्शियल पायलट बनने का फैसला किया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने अगस्त 2026 में गोवा की एयरलाइन Fly91 जॉइन की है और अभी ट्रेनिंग कर रहे हैं। एयरलाइन ने कहा है कि यह उनके स्टाफ का निजी मामला है, इसलिए इस पर ज्यादा कुछ नहीं बताएंगे।

2019 में पाकिस्तान के F-16 को मार गिराया था

अभिनंदन को पूरी दुनिया ने 27 फरवरी 2019 को जाना। उस दिन भारत-पाकिस्तान के बीच हवा में लड़ाई हुई थी। अभिनंदन ने अपने MiG-21 Bison से पाकिस्तान के एडवांस F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराया था। इसी दौरान उनका विमान भी क्रैश हो गया और वह पैराशूट से पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में उतर गए। पाकिस्तानी सेना ने उन्हें पकड़ लिया था। भारत के दबाव के बाद पाकिस्तान ने लगभग 60 घंटे बाद, 1 मार्च को उन्हें भारत को वापस सौंप दिया था। उनकी वापसी पर पूरे देश में उनका हीरो की तरह स्वागत हुआ था।

2021 में मिला था वीर चक्र

उनकी बहादुरी के लिए भारत सरकार ने 2021 में उन्हें वीर चक्र दिया था। यह जंग के समय दिया जाने वाला देश का तीसरा सबसे बड़ा बहादुरी पुरस्कार है।

अब कमर्शियल पायलट की नई उड़ान

वायुसेना छोड़ने के बाद अब अभिनंदन पैसेंजर प्लेन उड़ाएंगे। Fly91 एक रीजनल एयरलाइन है जो मार्च 2024 में शुरू हुई थी। इसके पास 6 ATR 72-600 प्लेन हैं। यह एयरलाइन गोवा, हैदराबाद, बेंगलुरु, पुणे, कोच्चि जैसे छोटे-बड़े शहरों के बीच उड़ान भरती है। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद अभिनंदन भी इन्हीं रूट पर प्लेन उड़ाते नजर आएंगे।