उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। बीजेपी और समाजवादी पार्टी समेत सभी दल अपनी-अपनी तैयारी में जुटे हुए हैं। इसी बीच एक सर्वे ने यूपी की जनता को लेकर एक बड़ा दावा किया है। सवाल था कि यूपी की जनता अगला मुख्यमंत्री किसे देखना चाहती है? इस सर्वे में योगी आदित्यनाथ सबसे आगे नजर आए हैं। वहीं, अखिलेश यादव भी मजबूत दावेदार के तौर पर सामने आए।  

वोट वाइब से किया गया सर्वे 

यूपी में विधानसभा 2027 अभी काफी दूर है, लेकिन सियासी माहौल अभी से बहुत गर्म होने लगा है। बीजेपी अपने सहयोगियों के साथ चुनावी तैयारियों में जुटी हुई है, तो समाजवादी पार्टी भी मैदान में उतर चुकी है। इसी बीच वोट वाइब के स्टेट वाइब सर्वे में यूपी की जनता से मुख्यमंत्री की पसंद को लेकर सवाल पुछा गया है। सर्वे के अनुसार, 43.4 फीसदी लोगों ने योगी आदित्यनाथ को अपनी पहली पसंद बताया है। यानी इन लोगों के अनुसार योगी आदित्यनाथ एक बार फिर यूपी के मुख्यमंत्री बनें। वहीं 35.5 फीसदी लोगों ने अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री के तौर पर पसंद किया है। सर्वे के मुताबिक, योगी और अखिलेश के बीच करीब 8 फीसदी का अंतर दिखाई दे रहा है।  

प्रियंका गांधी को किया गया मुख्यमंत्री पद के लिए पसंद 

सर्वे में मायावती और प्रियंका गांधी का नाम भी सामने आया है। वहीं, 5.9 फीसदी लोगों ने मायावती, जबकि 3 फीसदी लोगों ने प्रियंका गांधी को मुख्यमंत्री पद के लिए अपनी पसंद बताया है। करीब 6 फीसदी लोगों ने इन चारों नेताओं में से किसी को भी पसंद नहीं किया। वहीं, 6.3 फीसदी लोगों ने कहा कि वे अभी कुछ भी कह नहीं सकते, लेकिन अब सवाल सिर्फ मुख्यमंत्री की पसंद का नहीं है, बल्कि जनता किस गठबंधन को सत्ता में देखना चाहती है, इसका जवाब भी सर्वे में सामने आया है।  

योगी आदित्यनाथ और NDA दिख रहे आगे 

सर्वे के मुताबिक, 41.8 फीसदी लोगों ने बीजेपी के नेतृत्व वाले NDA पर भरोसा जताया है। तो वहीं, 38.7 फीसदी लोग समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के इंडिया गठबंधन को पसंद कर रहे हैं। इसके आलावा 5.2 फीसदी लोगों से मायावती की बसपा को समर्थन मिला। करीब 4 फीसदी लोगों ने दूसरे दलों का नाम लिया है, जबकि 10 फीसदी लोग अभी कुछ कह नहीं पाए। इसका मतलब सर्वे के आंकड़ों में फिलहाल योगी आदित्यनाथ और NDA अभी आगे दिख रहे हैं। हालांकि, 2027 के चुनाव में अभी समय है और आने वाले महीनों में जनता का मूड कितना बदलता है, ये देखना काफी दिलचस्प होगा।